Jamshedpur News : शहर में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. ड्यूटी में लापरवाही और पुलिसिंग में शिथिलता के आरोप में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई की है. उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए पुलिस लाइन क्लोज कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और दर्ज मामलों के निष्पादन को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं. इसके बाद विभागीय स्तर पर मामले की समीक्षा की गई. जांच और समीक्षा के दौरान थाना स्तर पर गंभीर मामलों के निष्पादन में अपेक्षित तत्परता नहीं बरते जाने की बात सामने आई.
पुलिसिंग में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को निलंबित करने का आदेश दिया. निलंबन अवधि में उन्हें पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है. माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जा सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

