Palamu News : रामपुर गोलीकांड के अनुसंधान में लापरवाही बरतने के आरोप में चैनपुर थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर क्षितिज सोनी को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है.
इसे भी पढ़ें...
मामला 23 मई 2026 का है. चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग हुई थी. घटना में सकेंद्र चौधरी की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे. मामले में 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. केस के अनुसंधान की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर क्षितिज सोनी को दी गई थी.
अनुसंधान के दौरान लापरवाही बरतने की शिकायत सामने आने के बाद एसडीपीओ स्तर से मामले की जांच की गई. जांच में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुपालन में कमी पाई गई. आरोप है कि नामजद आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड नहीं निकाली गई. वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की कॉल डिटेल का केस डायरी में भी उल्लेख नहीं किया गया.
पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान आरोपियों को कथित तौर पर लाभ पहुंचाने की कोशिश किए जाने की बात भी जांच में सामने आई. इसके बाद एसडीपीओ की रिपोर्ट के आधार पर सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई.
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि रामपुर गोलीकांड के अनुसंधान में लापरवाही बरतने के कारण सब-इंस्पेक्टर क्षितिज सोनी को निलंबित किया गया है. कार्रवाई एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

