- लंबित कांडों की समीक्षा की
Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शनिवार को मानगो थाना का औचक निरीक्षण किया. एसएसपी ने थाने की पुलिसिंग व्यवस्था से लेकर लंबित मामलों और पुलिस पदाधिकारियों के कामकाज की विस्तार से समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने लंबित कांडों, थाना अभिलेखों, बीट पुलिसिंग व्यवस्था और पुलिस पदाधिकारियों के कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने थाना परिसर, हाजत और सिरिस्ता का भी जायजा लिया. इस दौरान साफ-सफाई और रख-रखाव में जरूरी सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए.
इसे भी पढ़ें
एसएसपी ने दुर्गापूजा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने क्षेत्र में अड्डेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने को कहा. साथ ही सभी लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
एसएसपी ने थाना पहुंचने वाले आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए. थाना आने वाले आगंतुकों के साथ पुलिसकर्मी मित्रवत व्यवहार करें और उनकी शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.

