Jamshedpur News : बिष्टुपुर स्थित पीएम मॉल पर टाटा स्टील का 223 करोड़ रुपये बकाया है. इस बकाया राशि की वसूली को लेकर अब कार्रवाई शुरू हो गई है. हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारियों और सरकारी कर्मचारियों ने मॉल की जमीन की मापी शुरू की.
इसे भी पढ़ें...
इस दौरान जमीन की लंबाई-चौड़ाई और कुल क्षेत्रफल की जांच की जा रही है. वहीं, कार्रवाई के दौरान पीएम मॉल के पिछले दरवाजे को सील कर दिया गया.
मॉल पर बकाया राशि को लेकर चल रहे विवाद के बीच इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि यदि पीएम मॉल निर्धारित समय के भीतर 223 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं करता है, तो आने वाले दिनों में मॉल बंद करने की नौबत आ सकती है.
जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील ने पीएम मॉल को किराये पर जमीन दी थी. आरोप है कि जमीन के किराये और सेस (उपकर) का भुगतान अब तक नहीं किया गया है. इसी बकाया राशि को लेकर मामला न्यायालय पहुंचा था. न्यायालय ने टाटा स्टील के पक्ष में फैसला सुनाते हुए बकाया राशि के भुगतान का आदेश दिया था. साथ ही 15 दिनों के भीतर 223 करोड़ रुपये जमा करने का निर्देश दिया गया था.
न्यायालय के आदेश के बाद अब जमीन की मापी और अन्य प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं. शुक्रवार को अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन के क्षेत्रफल की जांच की. हालांकि, इस पूरी कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया को लेकर टाटा स्टील या प्रशासन का कोई भी अधिकारी कैमरे के सामने खुलकर बोलने को तैयार नहीं हुआ.
अब सबकी नजर इस बात पर है कि पीएम मॉल निर्धारित समय में बकाया राशि का भुगतान करता है या नहीं. भुगतान नहीं होने की स्थिति में मॉल के संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

