Jamtara News : दक्षिणबहाल पुलिया के समीप रविवार को सड़क हादसे में पिकअप वाहन के पीछे हुरड़ी पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में दो युवकों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इसे भी पढ़ें...
मिली जानकारी के अनुसार, चितरा थाना क्षेत्र के डमगढ़ा गांव निवासी कुंदन दास (17), अमर कुमार (18) और केला दास (19) डीजे फ्लोर लगाने के लिए पिकअप वाहन से जामताड़ा शहर आ रहे थे. तीनों युवक वाहन के पीछे बने हुरड़ी पर बैठे हुए थे. इसी दौरान दक्षिणबहाल पुलिया के पास लगे लोहे के गेट से गुजरते वक्त हादसा हो गया, जिसमें तीनों युवक गंभीर रूप से चोटिल हो गए.
बताया जाता है कि पुलिया के पास बना लोहे का गेट काफी संकरा है. स्थिति यह है कि भारी वाहनों की बात तो दूर, चारपहिया वाहनों को भी वहां से गुजरने में काफी परेशानी होती है. इसके बावजूद पिकअप वाहन वहां से गुजर रहा था. हादसे के लिए वाहन चालक एवं डीजे संचालक मनोज कुमार, निवासी मोराबाद, थाना चितरा की लापरवाही को जिम्मेदार बताया जा रहा है.
घायलों में कुंदन दास के सिर समेत शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे धनबाद रेफर कर दिया. वहीं, अमर कुमार के सिर में भी गंभीर चोट लगी है. उसे भी धनबाद रेफर करने की सलाह दी गई. तीसरे घायल केला दास का सदर अस्पताल में इलाज जारी है.
इस घटना ने एक बार फिर पिकअप वाहनों में पीछे असुरक्षित तरीके से लोगों को बैठाकर सफर कराने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिरकार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर युवकों को वाहन के पीछे बैठाकर ले जाने की अनुमति कैसे दी गई? हादसे ने वाहन चालकों की जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही को भी उजागर किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

