Jamtara News : मिहिजाम थाना क्षेत्र के कानगोई स्थित परित्यक्त राजहंस फैक्ट्री के पीछे बस्ती में शिवा पासी के घर हुई सनसनीखेज लूटपाट और हमले की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है.
इसे भी पढ़ें...
थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार तीन दिनों तक तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के बाद जमशेदपुर में कार्रवाई करते हुए चार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से लूटे गए कई सामान भी बरामद किए हैं.
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद से ही मिहिजाम पुलिस मामले के उद्भेदन में जुटी थी. थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ उनके संभावित ठिकानों का पता लगाया. इसके बाद पुलिस टीम जमशेदपुर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को एसडीपीओ वसीम रजा और थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे थे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली थी. इसके बाद से ही पुलिस लगातार जांच और छापेमारी अभियान चला रही थी. आखिरकार तीन दिनों की मशक्कत के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी.
इस संबंध में मिहिजाम थाना कांड संख्या 83/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(2), 331(1), 118(1) और 351 के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा 3/4 के तहत दर्ज की गई है.
हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान, उनकी आपराधिक भूमिका और बरामद सामान का विस्तृत ब्योरा अभी आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को जामताड़ा लाए जाने के बाद पूरे मामले का विधिवत खुलासा किया जाएगा. साथ ही पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदात में शामिल बाकी अपराधियों की तलाश में जुटी है.
तीन दिनों के भीतर जमशेदपुर तक पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी को मिहिजाम पुलिस की अहम कामयाबी माना जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

