Jamtara News : छठ पूजा के दौरान घरों को खाली छोड़कर बाहर जाना तीन परिवारों को महंगा पड़ गया. कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सीताकाटा डुमरिया रोड के पास चोरों ने एक ही रात में तीन बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर घरों के ताले तोड़कर नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, छठ पूजा के कारण सभी पीड़ित परिवार अपने-अपने घरों से बाहर गए हुए थे. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की. मंगलवार सुबह जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो घरों के दरवाजे और ताले टूटे मिले. घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद चोरी की घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी गई.

तीन घरों में चोरी
चोरों ने भारतीय स्टेट बैंक की कुरबा शाखा में कार्यरत क्लर्क रोशन यादव और कर्माटांड़ शाखा में कार्यरत क्लर्क आशीष गुप्ता के किराये के मकानों को भी निशाना बनाया. इन दोनों घरों से करीब 30 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी होने की जानकारी मिली है.
वहीं, गांव की संध्या देवी के घर से नकदी और जेवरात भी चोर ले उड़े. इसके अलावा पास में रहने वाले सुरेश मंडल के घर का ताला भी तोड़ा गया, लेकिन वहां चोर चोरी करने में सफल नहीं हो सके.
एक रात में कई घरों में चोरी, रात्रि गश्ती पर उठे सवाल
एक ही रात में लगातार कई बंद मकानों को निशाना बनाए जाने से कर्माटांड़ पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों ने बेखौफ होकर एक के बाद एक घरों के ताले तोड़े, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी. लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.
, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पीड़ित परिवारों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद चोरी गए सामान और नकदी का पूरा आकलन हो सकेगा. पुलिस चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

