- झारखंड में बदला मौसम
Ranchi News : साल 2026 में बंगाल की खाड़ी में एक के बाद एक चक्रवाती तूफानों ने रांची के मौसम और जनजीवन को प्रभावित किया. अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में चक्रवात 'अर्नब' आया. इसके बाद नवंबर की शुरुआत में 'मुरासु' और फिर नवंबर के मध्य में 'अकवान' ने दस्तक दी. इन तीनों तूफानों ने रांची समेत अन्य जिलों में लोगों को काफी प्रभावित किया.
इसे भी पढ़ें...
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अर्नब अति भीषण चक्रवाती तूफान बना था, जबकि मुरासु और अकवान चक्रवाती तूफान के स्तर तक पहुंचे. तीनों तूफानों का असर मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में देखने को मिला.
अर्नब का 6 जिलों में असर, 26.2 मिमी वर्षा, अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस
अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ चक्रवात अर्नब 2026 का पहला चक्रवाती तूफान था. 26 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान बनने के बाद यह तेजी से मजबूत हुआ और अति भीषण चक्रवाती तूफान की श्रेणी में पहुंच गया. 28 अक्टूबर को इसने आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के पास तट पार किया था. इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 135 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई थी.
तूफान के खतरे को देखते हुए तटीय इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. चक्रवात अर्नब का असर छह जिलों में हुआ था. इस दौरान भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया. इस चक्रवाती तूफान के कारण पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा में सर्वाधिक 71.4 मिलीमीटर और पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी में 64 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई.
चाईबासा में पिछले 24 घंटे के दौरान 60.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि राजधानी रांची में 26.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई थी. इस बारिश के कारण अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान रहा. यहां तीन दिनों में अधिकतम तापमान करीब 3 डिग्री बढ़ने के आसार रहा.
मुरासु से 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा, रांची का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री
अर्नब के कुछ ही दिनों बाद बंगाल की खाड़ी में दूसरा चक्रवात मुरासु आया. यह 1 नवंबर को चक्रवाती तूफान बनने के बाद 2 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया. 3 नवंबर की सुबह मुरासु ने ओडिशा के बजाय दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच लैंडफॉल किया. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटे तक रही. चार नवंबर को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं बारिश अनुमान लगाया गया था.
इस चक्रवाती तूफान में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई. मौसम विभाग ने तीन दिनों में न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरने की अनुमान लगाया था. इस चक्रवाती तूफान के कारण रांची का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य में सबसे अधिक 33.3 डिग्री तापमान लातेहार में रिकॉर्ड हुआ.
चक्रवात अकवान के कारण राज्य में 11 डिग्री तक गिरेगा पारा
नवंबर के मध्य में बंगाल की खाड़ी में तीसरा चक्रवात अकवान आया. इस चक्रवाती तूफान ने 20 नवंबर को ओडिशा के गोपालपुर के पास उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को पार किया.
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8 बजे से लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. तूफान के केंद्र के आसपास 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है, जिनके झोंके 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंच चुकी है.
झारखंड में अगले 5 दिन में 11 डिग्री तक रात का पारा गिरने का अनुमान लगाया गया है. इस चक्रवात के कारण 20 और 21 नवंबर को कई जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना दर्ज की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

