Ranchi News : झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने लातेहार और पलामू जिले में पुलिसकर्मियों की समस्याओं को लेकर प्रांतीय अध्यक्ष और महामंत्री को पत्र लिखकर समाधान की मांग की है. लिखे पत्र में लंबे समय से एक ही जिले में पदस्थापित कनीय पदाधिकारियों के स्थानांतरण, लंबित प्रोन्नति, ACP/MACP का लाभ, कैशलेस इलाज और जर्जर बैरक की मरम्मत का मुद्दा उठाया गया है.
इसे भी पढ़ें...
पत्र में कहा गया है कि लातेहार जिले में करीब 15 वर्षों से कई कनीय पदाधिकारी पदस्थापित हैं. लंबे समय से स्थानांतरण नहीं होने के कारण कर्मियों में निराशा और रोष है. एसोसिएशन ने गृह जिला और इच्छित जिले में स्थानांतरण से संबंधित मामलों पर भी पहल करने की मांग की है.
एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ACP/MACP का लाभ समय पर देने और करीब तीन वर्षों से लंबित प्रोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है. पत्र के अनुसार, प्रोन्नति नहीं मिलने के कारण कई कर्मियों को बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त होना पड़ सकता है.
पलामू जिले में पुलिस पदाधिकारियों के रहने वाले बैरक की स्थिति भी गंभीर बताई गई है. एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष माहताब आलम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने निरीक्षण के दौरान बैरक को क्षतिग्रस्त और जर्जर पाया. पत्र में आशंका जताई गई है कि इससे कोई अप्रिय घटना हो सकती है. वहीं, आईआरबी और जैप वाहिनियों के सदस्यों ने गुमनाम शिकायतों के आधार पर पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का मुद्दा भी उठाया है.
एसोसिएशन ने प्रांतीय अध्यक्ष और पूरी टीम से इन समस्याओं को लेकर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक और झारखंड सरकार के समक्ष तत्काल पत्राचार करने की मांग की है, ताकि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान हो सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

