Ranchi News : 32वें चरनजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीतकर लौटीं झारखंड की बेटियों का गुरुवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् परिसर में भव्य स्वागत किया गया. राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन सहित परिषद् के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं मैनेजर का गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी.
इसे भी पढ़ें...
नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, सिमडेगा की टीम ने डायरेक्टरेट जनरल एनसीसी, सोनीपत को 2-1 से पराजित कर नेहरू कप अपने नाम किया. इस जीत के साथ झारखंड की बालिका हॉकी टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का गौरव बढ़ाया है.
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् को नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में राज्य की स्कूली टीमों की सहभागिता का दायित्व मिलने के बाद यह पहला अवसर है, जब राज्य की अंडर-17 बालिका टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है. इससे पहले वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, बरियातू की टीम उपविजेता रही थी. इस बार सिमडेगा की टीम ने खिताब जीतकर राज्य की स्कूली हॉकी में नया इतिहास रच दिया.
इस अवसर पर राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और मैनेजर को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देने की विभागीय पहल सार्थक परिणाम दे रही है.

खिलाड़ियों का हुआ स्वागत
उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियों की यह ऐतिहासिक जीत उनकी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प का प्रमाण है. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
स्वागत समारोह में प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, उपनिदेशक आशीष पांडेय, अतिरिक्त वित्त नियंत्रक ओम प्रकाश मिश्रा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, सचिन कुमार, अनूपा तिर्की, ममता एलिजाबेथ लकड़ा, अंजना बाड़ा, अनिल कुमार दुबे, गौरव कुमार और अमित कुमार सहित परिषद् के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं राज्य खेल कोषांग के सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने विजेता टीम का अभिनंदन करते हुए खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. बता दें कि झारखंड की टीम ने प्रतियोगिता के शुरुआत से दमदार प्रदर्शन किया और आगे बढ़ते गए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

