Ranchi News : झारखंड की बेटियों ने 65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के U-17 जूनियर गर्ल्स वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया. नई दिल्ली के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला की टीम ने NCC की प्रतिनिधि टीम स्प्रिंगफील्ड एच.एस. स्कूल, आइजोल को 2-0 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की.
फाइनल में झारखंड की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक और आत्मविश्वास से भरा खेल दिखाया. जर्सी नंबर 8 सुनैना टुड्डू ने 21 मिनट 54 सेकंड में शानदार गोल कर झारखंड को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके बाद जर्सी नंबर 12 मनीषा डुंग ने 42 मिनट 31 सेकंड में दूसरा गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी.

विजेता टीम को मिली ट्रॉफी
इसके बाद झारखंड की खिलाड़ियों ने शानदार रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए NCC की टीम को कोई गोल करने का मौका नहीं दिया. निर्धारित समय तक स्कोर 2-0 रहा और सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला की टीम ने सुब्रतो कप पर कब्जा जमा लिया.
टीम की ऐतिहासिक सफलता का नेतृत्व कप्तान वीणा कुमारी ने किया. मैनेजर बिंदु कुजूर और कोच बीना केरकेट्टा के मार्गदर्शन में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और झारखंड का नाम रोशन किया.
गोल्डन ग्लव्स का पुरस्कार जर्सी नंबर 1 की खिलाड़ी खुशबू कुमारी को ₹50,000 की पुरस्कार राशि के साथ प्रदान किया गया. वहीं, सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार बीना केरकेट्टा को दिया गया. विजेता झारखंड टीम को ₹5,00,000 की पुरस्कार राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया. ये सभी सम्मान मुख्य अतिथि एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित द्वारा प्रदान किए गए.
मौके पर मौजूद राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. चयनित खिलाड़ियों के कौशल विकास और बेहतर प्रदर्शन के लिए 21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाते हैं.
इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित खेल कोषांग के सदस्यों ने विजेता टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

