Ranchi News : वरिष्ठ पत्रकार नितिन चौधरी का निधन हो गया है. वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. नितिन चौधरी के निधन की खबर से रांची समेत पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. उनके निधन से सहकर्मियों और शुभचिंतकों में गहरा दुख है.
नितिन चौधरी वर्ष 2024 से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे. उन्होंने बीमारी के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी और इलाज के बाद कैंसर को मात देने में भी सफलता हासिल की. हालांकि इलाज पूरा होने के बाद उनकी आंखों की रोशनी धीरे-धीरे कम होने लगी.
इसके बावजूद उनका हौसला कम नहीं हुआ. खराब सेहत के बावजूद पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते रहे. उन्होंने चार-पांच महीने पहले अपने सहकर्मियों को खुद ही बताया था कि वो ठीक हो गये हैं. बस आंखो में थोड़ी परेशानी है.
नितिन चौधरी ने वर्ष 2010 में पीकेएमएस से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्रभात खबर, देवघर से की. वर्ष 2012 में वे रांची आए और दैनिक भास्कर से जुड़े. इसके बाद लंबे समय तक दैनिक भास्कर में अपनी सेवाएं देते रहे.
नितिन चौधरी अपनी मेहनत, मिलनसार स्वभाव और सहयोगी व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे. वे जरूरतमंद लोगों और अपने साथियों की हर संभव मदद करने से कभी पीछे नहीं हटते थे. पत्रकारिता के क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों पर उनकी विशेष पकड़ थी. रेलवे की कई राष्ट्रीय स्तर की खबरें उन्होंने रांची से ही ब्रेक कीं.
नितिन चौधरी का इलाज दिल्ली स्थित एम्स में चल रहा था. कुछ दिन पूर्व तबीयत बिगड़ने के बाद वे इलाज के लिए एम्स गए थे. उनके सहकर्मियों और शुभचिंतकों को उम्मीद थी कि इलाज के बाद वे स्वस्थ होकर एक बार फिर अपने काम पर लौटेंगे. लेकिन उनके निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है.
नितिन चौधरी के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है. सहकर्मियों ने उन्हें एक जुझारू, मेहनती और सहयोगी पत्रकार बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी है. उनके जाने से पत्रकारिता जगत ने एक समर्पित साथी और बेहतरीन इंसान को खो दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

