Ranchi: JPSC और JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर झारखंड में सियासत लगातार तेज हो रही है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इन दिनों सोशल मीडिया पर JPSC और JSSC की परीक्षाओं और नियुक्तियों को लेकर कई नाम तेजी से सामने आ रहे हैं. इनमें 'मनीष भैया' समेत कुछ अन्य नामों को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों में धांधली और गैरकानूनी तरीके अपनाए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि जिन लोगों की नियुक्तियां संदिग्ध बताई जा रही हैं, उन्हें जांच पूरी होने तक पद से हटाया जाए और पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इससे JPSC-JSSC को लेकर युवाओं के बीच पैदा हुए अविश्वास को दूर करने में मदद मिलेगी.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य के युवा लगातार सड़कों पर उतरकर अपने अधिकार और न्याय की मांग कर रहे हैं. ऐसे समय में सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए और पूरे मामले में पारदर्शी तरीके से कार्रवाई करनी चाहिए.
उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार इस मामले में चुप रहती है और कोई कार्रवाई नहीं करती है, तो युवाओं और आम लोगों के बीच यह संदेश जाएगा कि सरकार इस पूरे मामले को लेकर गंभीर नहीं है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड का युवा न्याय की उम्मीद कर रहा है और सरकार को इस उम्मीद को बनाए रखने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

