- रांची के खेलगांव में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
Ranchi News : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 के तहत अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग की वॉलीबॉल और फुटबॉल प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं.
इसे भी पढ़ें...
रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश राय टाना भगत इंडोर स्टेडियम एवं प्रैक्टिस मैदान में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
मौके पर मौजूद राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि खेलो झारखंड 2026-27 के तहत इस वर्ष छह खेलों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया है. फुटबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं के समापन के साथ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिला है. उन्होंने कहा कि उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना विभाग का लक्ष्य है.

टीम को मिली ट्रॉफी व मेडल
वॉलीबॉल बालक वर्ग में गिरिडीह ने कोडरमा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि कोडरमा उपविजेता रहा. इस वर्ग में कोडरमा के रौनक कुमार सिंह को सर्वश्रेष्ठ अटैकर, गिरिडीह के आकाश कुमार तांती को सर्वश्रेष्ठ सेटर, बोकारो के बिनीत कुमार को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर और गिरिडीह के राहुल कुमार साहू को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया.
वॉलीबॉल बालिका वर्ग में गोड्डा ने 2-0 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. रामगढ़ उपविजेता रहा, जबकि लातेहार ने देवघर को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया. रामगढ़ की रोशनी सर्वश्रेष्ठ अटैकर, लातेहार की रजनी कुमारी सर्वश्रेष्ठ सेटर और देवघर की पलवी कुमारी सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर (लिबेरो) चुनी गईं. गोड्डा की आशा किस्कू को वुमन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला.
फुटबॉल बालिका वर्ग में गुमला ने दुमका को टाई-ब्रेकर में 3-2 से हराकर खिताब जीता. दुमका उपविजेता रहा, जबकि रामगढ़ ने चतरा को 4-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया. इस वर्ग में उषा कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच, मेरी हांसदा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और खुशबू कुमारी को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार दिया गया.
फुटबॉल बालक वर्ग में पाकुड़ ने साहिबगंज को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. साहिबगंज उपविजेता रहा, जबकि गिरिडीह ने गोड्डा को 4-3 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया. इस वर्ग में मंगल हांसदा को प्लेयर ऑफ द मैच, सुमित बासकी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और सुरेश मुर्मू को बेस्ट गोलकीपर चुना गया.
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

