Khunti News : PLFI संगठन के नाम पर व्यवसायियों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से लेवी मांगने वाले दो आरोपियों को खूंटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों की गिरफ्तारी रनिया थाना क्षेत्र से हुई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन PLFI के पर्चे, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. इस कार्रवाई को खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया है.
इसे भी पढ़ें...
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 13 नवंबर को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ के पास स्थित आवासीय विद्यालय में PLFI का पर्चा फेंककर लेवी की मांग की गई थी. इसके बाद 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में VKS सड़क निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को भी PLFI का पर्चा देकर लेवी मांगी गई थी. दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. इसमें तपकरा, रनिया और आनंदपुर थाना की पुलिस को शामिल किया गया था.
बिना नंबर प्लेट की बाइक से आ रहे थे आरोपी
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 21 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर, कैलो की ओर से रनिया आ रहे हैं. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ तोरपा के नेतृत्व में पुलिस टीम भेजी गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस और PLFI के तीन पर्चे बरामद किए गए.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रनिया थाना क्षेत्र के केलो गांव निवासी संजू मांझी (24), पिता बालू मांझी और अंकुश बागे उर्फ दोन्दो (24), पिता राम बागे के रूप में हुई है.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
छापेमारी टीम में एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह, मनोहरपुर अंचल के अमित रोशन कुल्लू, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार, आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस, तपकरा थाना के सहायक अवर निरीक्षक कैलाश उरांव सहित रनिया, तपकरा और आनंदपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

