- विकास योजनाओं की मिलेगी डिजिटल जानकारी
Dhanbad : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT), धनबाद की ओर से विकास और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई. इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, एसडीएम लोकेश बारंगे समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने DMFT धनबाद वेब पोर्टल एवं DMFT कॉफी टेबल बुक का शुभारंभ किया.
दोनों पहलों का उद्देश्य DMFT के माध्यम से जिले में संचालित विकास योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी को पारदर्शी, सुलभ और व्यवस्थित तरीके से आम लोगों एवं हितधारकों तक पहुंचाना है.
एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिलेगी योजनाओं की जानकारी
DMFT धनबाद वेब पोर्टल को जिले में DMFT के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है. इसके माध्यम से नागरिकों एवं अन्य हितधारकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, आजीविका, कौशल विकास, जल संरक्षण समेत अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में DMFT की ओर से किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी मिल सकेगी.
वेब पोर्टल से खनन प्रभावित क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की जानकारी तक लोगों की आसान पहुंच सुनिश्चित होगी. साथ ही यह प्लेटफॉर्म पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
विकास कार्यों का दस्तावेज बनेगी कॉफी टेबल बुक
DMFT धनबाद कॉफी टेबल बुक में जिले में DMFT के माध्यम से संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों की यात्रा को तस्वीरों और दस्तावेजों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है. इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, आजीविका, कौशल विकास, जल संरक्षण समेत विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और उनके प्रभाव को दर्शाया गया है.
कॉफी टेबल बुक का उद्देश्य केवल DMFT की उपलब्धियों का दस्तावेजीकरण करना नहीं है बल्कि यह भी प्रदर्शित करना है कि DMFT के संसाधनों का उपयोग स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सतत, समावेशी और दीर्घकालिक विकास के लिए किस प्रकार किया जा रहा है.
पारदर्शी और समावेशी विकास की दिशा में कदम
स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अवसर पर इन दोनों पहलों का शुभारंभ धनबाद में विकास कार्यों के प्रति पारदर्शिता, जवाबदेही, नवाचार और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. वेब पोर्टल और कॉफी टेबल बुक के माध्यम से DMFT की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंच सकेगी. इस अवसर पर DMFT की टीम एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

