Lohardaga News : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से 41.54 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार और सुनील प्रसाद साहू के रूप में हुई है. दोनों लोहरदगा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें...
पुलिस के अनुसार, लोहरदगा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-चापी मार्ग से एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन में ब्राउन शुगर लेकर कुछ लोग बेचने के लिए लोहरदगा की ओर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर लोहरदगा थाना प्रभारी ने पुलिस टीम का गठन किया और रास्ते में वाहन जांच अभियान शुरू कराया.
इसी दौरान चंदवा-चापी मार्ग से लोहरदगा की ओर आ रही एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप को पुलिस ने रोका. पुलिस को देखते ही वाहन में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति भागने लगे. हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया.
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके पास से करीब सात पुड़िया में रखा ब्राउन शुगर बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 41.54 ग्राम बताया गया है. इसके अलावा 3 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

