Search

 
 
 

रूस में हिरासत से मुक्त होकर जमशेदपुर लौटा झारखंड का युवक मनीष साहू

Jamshedpur News : मनीष साहू 6 अक्टूबर 2026 को पर्यटक वीजा पर रूस गए थे. 27 अक्टूबर के बाद जब परिवार का उनसे संपर्क टूट गया, तो उनकी मां नीलम साहू ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई.
 
मनीष साहू

Ranchi News : रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए झारखंड के युवक मनीष साहू की सुरक्षित भारत वापसी हो गई है. 29 वर्षीय मनीष 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे और शुक्रवार 27 नवंबर को ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर पहुंच गए. राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष, झारखंड ने इसकी पुष्टि की है. उनकी वापसी भारतीय दूतावास और राज्य सरकार के लगातार प्रयासों से संभव हुई.

 

इसे भी पढ़ें...

 

जानकारी के अनुसार, मनीष साहू 6 अक्टूबर 2026 को पर्यटक वीजा पर रूस गए थे. 27 अक्टूबर के बाद जब परिवार का उनसे संपर्क टूट गया, तो उनकी मां नीलम साहू ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई.

 

इसके बाद मनीष ने खुद विभाग को सूचना दी कि येकातेरिनबर्ग की स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है. उन्होंने कथित दुर्व्यवहार, झूठे आरोप और दबाव बनाए जाने की शिकायत भी की थी. हालांकि, इन आरोपों का स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं हुआ था.

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्टूबर को प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, रांची और भारतीय दूतावास, मॉस्को को पत्र भेजकर कांसुलर एवं कानूनी सहायता मांगी. 2 नवंबर को भारतीय दूतावास ने मामला भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग को भेज दिया.

 

4 हजार रूबल का जुर्माना और निष्कासन का आदेश

3 नवंबर को भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने येकातेरिनबर्ग के विदेशी नागरिकों के अस्थायी निरोध केंद्र में मनीष से मुलाकात की. उस समय उनका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया.

 

निरोध केंद्र के आदेश में उन्हें प्रशासनिक अपराध का दोषी मानते हुए 4 हजार रूबल का जुर्माना और रूस से निष्कासन का आदेश दिया गया था. 9 नवंबर को न्यायिक बेलीफ की समीक्षा के बाद 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस छोड़ने की अनुमति मिली.

 

इसके बाद मनीष 25 नवंबर को रूस से रवाना हुए और 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे. राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने भारतीय महावाणिज्य दूतावास और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया है. साथ ही रूस जाने वाले लोगों से वैध वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों का सत्यापन करने तथा जरूरत पड़ने पर भारतीय दूतावास से संपर्क बनाए रखने की अपील की है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही