Ranchi News : दीपावली और छठ महापर्व के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और चिकित्सीय आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी की गई है. इसके साथ ही सर्दी के मौसम में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गई है.
इसे भी पढ़ें...
नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो ने स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में विशेष चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रांची को पत्र लिखकर आगामी तीन से चार महीनों तक अस्पतालों में जरूरी सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा है.
त्योहारों पर अस्पतालों में अलर्ट रहेंगे डॉक्टर
दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए बर्न वार्ड को पूरी तरह सक्रिय रखने, जीवनरक्षक उपकरण, दवाइयां और एंबुलेंस उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया है. वहीं, छठ महापर्व के दौरान अधिक भीड़ वाले घाटों पर एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर और मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आपात स्थिति में तत्काल इलाज मिल सके. आपातकालीन सेवाओं की निगरानी के लिए वरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय करने का निर्देश दिया गया है.
सदर अस्पताल के हर वार्ड का रोजाना होगा निरीक्षण
मेयर ने सर्दी के दौरान अस्पतालों में चादर, कंबल, बेड और दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है. खासकर सदर अस्पताल के सभी वार्डों का संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन निरीक्षण करने का निर्देश दिया है.
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से पर्याप्त राशि मिलने के बावजूद मरीजों को चादर-कंबल जैसी बुनियादी सुविधाएं क्यों नहीं मिलतीं. इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा है.
जच्चा-बच्चा की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मेयर ने प्रसूति विभाग को भी मजबूत करने पर जोर दिया है, ताकि गर्भवती महिलाओं को बेहतर इलाज मिले और जच्चा-बच्चा स्वस्थ एवं सुरक्षित घर लौटे. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

