Bihar News : बिहार के खगड़िया में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी मिथिलेश महतो को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. यह मुठभेड़ चौथम थाना क्षेत्र में हुई.
इसे भी पढ़ें...
मिथिलेश महतो को पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक, मिथिलेश महतो एक ट्रिपल मर्डर केस के अहम चश्मदीद गवाह को धमकाने के लिए गया था. इस संबंध में सूचना मिलने के बाद खगड़िया एसपी शैलेंद्र सिंह को अवगत कराया गया. गवाह परी कुमारी की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया.
गवाह को धमकाने की सूचना पर STF ने की घेराबंदी
वरीय पुलिस उपाधीक्षक पंकज कुमार के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम में SOG-03, अभियान दल-08, DIU खगड़िया और चौथम थाना की पुलिस शामिल थी. टीम ने इलाके में घेराबंदी कर मिथिलेश महतो को पकड़ने का प्रयास किया.
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को सामने देखकर आरोपी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इसके जवाब में पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई. दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई. इसी दौरान पुलिस की गोली मिथिलेश के पैर में लग गई और वह घायल हो गया.
पुलिस टीम ने मौके पर ही उसे अपने कब्जे में ले लिया. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली. इस दौरान एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई कारतूस बरामद किए गए.
सात हत्याओं समेत 10 संगीन मामलों में आरोपी
पुलिस के अनुसार, मिथिलेश महतो कुख्यात अपराधियों की फेज-VI सूची में शामिल था. उसके खिलाफ हत्या समेत कुल 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें सात हत्या के मामले बताए जा रहे हैं. उसका आपराधिक रिकॉर्ड बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैला हुआ है. नेपाल में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
दिल्ली के सराय रोहिला थाने में वर्ष 2015 में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का मामला दर्ज हुआ था. इस केस में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी. करीब नौ साल जेल में रहने के बाद वह हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आया था.
इसके अलावा खगड़िया के गंगौर थाना क्षेत्र में अजय कुमार साह की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. आरोप है कि जमीन विवाद में अजय कुमार साह की हत्या कर उसके शव को जमीन में दबा दिया गया था.
मिथिलेश महतो पर चौथम थाना कांड संख्या 181/26 में भी गंभीर आरोप हैं. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की गई थी. हमले में परिवार की 10 वर्षीय बच्ची भी घायल हुई थी, जिसकी इलाज के बाद जान बच गई. परी कुमारी इसी मामले की चश्मदीद गवाह बताई जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

