Search

 
 
 

मुनीडीह CPP प्लांट गैस कांड : चौथे युवक का शव जंगल से बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई चार

जिले के मुनीडीह क्षेत्र स्थित सीपीपी (CPP) प्लांट में हुए गैस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. सोमवार को पुलिस ने प्लांट से कुछ दूरी पर स्थित जंगल से एक और युवक का शव बरामद किया है, जिसके बाद पूरे इलाके में एक बार फिर सनसनी फैल गई है.
 

Dhanbad :  जिले के मुनीडीह क्षेत्र स्थित सीपीपी (CPP) प्लांट में हुए गैस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. सोमवार को पुलिस ने प्लांट से कुछ दूरी पर स्थित जंगल से एक और युवक का शव बरामद किया है, जिसके बाद पूरे इलाके में एक बार फिर सनसनी फैल गई है.

 

बरामद शव की पहचान वसीम अंसारी के रूप में की गई है, जो केंदुआ का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

 

आपने पहले पढ़ा...

 

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला भारत कोकिंग कोल लिमिटेड ( BCCL) के बंद पड़े पावर प्लांट से जुड़ा है. घटना शनिवार देर रात की है, जब आधा दर्जन से अधिक लोग कथित तौर पर लोहा चोरी करने की नीयत से प्लांट परिसर में घुसे थे.

 

बताया जाता है कि गैस कटर की मदद से लोहे को काटने के दौरान चोरों ने गलती से गैस पाइपलाइन को ही क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे जहरीली गैस का तेज रिसाव होने लगा. गैस के प्रभाव से वहां मौजूद लोगों का दम घुटने लगा और अफरा-तफरी मच गई.

 

Uploaded Image

बरामद शव को ले जाते कर्मी और पुलिस जवान

 

इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत मौके पर ही हो गई थी. जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं कई अन्य लोगों की तबीयत भी गंभीर रूप से बिगड़ गई थी, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है.

 

अब जंगल से चौथे शव के बरामद होने के बाद यह साफ हो गया है कि हादसा काफी भयावह था. आशंका जताई जा रही है कि गैस रिसाव के बाद कुछ लोग जान बचाने के लिए भागे होंगे, जिनमें से एक की मौत जंगल में ही हो गई.

 

Uploaded Image

जंगल से बरामद शव को ले जाते कर्मी

 

पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में शामिल अन्य लोग कौन थे और उनकी वर्तमान स्थिति क्या है.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही