Search

 
 
 

साइबर ठगी के पीड़ितों को रकम वापस दिलाने की नई व्यवस्था, I4C ने शुरू किया ऑनलाइन मॉड्यूल

National News : पीड़ित को सबसे पहले अपने मोबाइल या ई-मेल पर मिलने वाली सूचना का इंतजार करना होगा. सूचना मिलने के बाद साइबर शिकायत का 14 अंकों का NCRP पावती नंबर और शिकायत दर्ज कराने के दौरान इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP के जरिए पोर्टल पर लॉगिन करना होगा.
 
सिंबोलिक फोटो

National News : साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों को राहत देने के लिए भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने नई व्यवस्था शुरू की है. इसके तहत साइबर ठगी की रकम बैंक खाते में होल्ड होने पर पीड़ित ऑनलाइन माध्यम से राशि वापस पाने के लिए आवेदन कर सकेंगे. वहीं, साइबर अपराध की जांच के दौरान फ्रीज किए गए बैंक खातों के वास्तविक खाताधारकों को भी अपनी शिकायत दर्ज कराने का अवसर मिलेगा.

 

इसे भी पढ़ें...

 

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन I4C की ओर से मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) और ग्रिवांस रिड्रेसल मॉड्यूल (GRM) शुरू किए गए हैं. इन दोनों व्यवस्थाओं का उद्देश्य साइबर अपराध से प्रभावित लोगों और जांच के दौरान बैंकिंग संबंधी परेशानी झेल रहे खाताधारकों को राहत देना है.

 

होल्ड की गई रकम वापस पाने के लिए ऑनलाइन करना होगा आवेदन

यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हुई है और पुलिस की कार्रवाई के बाद ठगी की राशि किसी बैंक खाते में होल्ड करा दी गई है, तो पीड़ित MRM के माध्यम से रकम वापसी का अनुरोध कर सकता है. हालांकि, राशि वापस मिलने की प्रक्रिया तभी आगे बढ़ेगी, जब संबंधित रकम वापसी के योग्य पाई जाएगी.

 

पीड़ित को सबसे पहले अपने मोबाइल या ई-मेल पर मिलने वाली सूचना का इंतजार करना होगा. सूचना मिलने के बाद साइबर शिकायत का 14 अंकों का NCRP पावती नंबर और शिकायत दर्ज कराने के दौरान इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP के जरिए पोर्टल पर लॉगिन करना होगा.

 

लॉगिन के बाद शिकायत से जुड़ी जानकारी, बैंक खाते का विवरण और वापसी के लिए चिह्नित रकम की जानकारी भरनी होगी. आवेदन के दौरान पैन कार्ड भी अपलोड करना होगा. पूरी जानकारी जमा करने के बाद एक यूनिक रिक्वेस्ट नंबर (URN) जारी किया जाएगा, जिससे आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सकेगी.

 

ऑनलाइन आवेदन के बाद संबंधित पुलिस के समक्ष क्षतिपूर्ति बांड (Indemnity Bond) जमा करना होगा. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर राशि लौटाने की कार्रवाई की जाएगी.

 

बैंक खाता फ्रीज होने पर GRM से मिलेगी शिकायत की सुविधा

साइबर अपराध की जांच के दौरान कई बार ऐसे बैंक खाते भी फ्रीज हो जाते हैं, जिनके खाताधारकों का दावा होता है कि उनका ठगी से कोई संबंध नहीं है. ऐसे लोगों के लिए ग्रिवांस रिड्रेसल मॉड्यूल (GRM) के जरिए शिकायत का विकल्प दिया गया है.

 

खाताधारक को सबसे पहले संबंधित बैंक में लिखित शिकायत दर्ज करानी होगी. बैंक शिकायत मिलने के बाद खाताधारक और संबंधित लेनदेन की जांच करेगा. इस प्रक्रिया को एन्हांस्ड ड्यू डिलिजेंस (EDD) कहा जाता है.

 

यदि बैंक की जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो बैंक सात दिनों के भीतर शिकायत GRM पोर्टल पर अपलोड करेगा. इसके बाद संबंधित जांच अधिकारी मामले की समीक्षा करेंगे और जरूरत पड़ने पर खाताधारक से अतिरिक्त दस्तावेज या वीडियो वेरिफिकेशन के जरिए जानकारी ले सकते हैं.

 

जांच अधिकारी को शिकायत मिलने के 15 दिनों के भीतर निर्णय लेना होगा. यदि शिकायत खारिज हो जाती है, तो खाताधारक 15 दिनों के भीतर जिला शिकायत निवारण अधिकारी (DGRO) के समक्ष अपील कर सकता है. जिला स्तर पर राहत नहीं मिलने की स्थिति में राज्य शिकायत निवारण अधिकारी (SGRO) के पास भी अपील का प्रावधान है.

 

साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत

साइबर ठगी की घटना के बाद शुरुआती समय काफी महत्वपूर्ण होता है. पीड़ित को तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए. इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

 

पीड़ित को बैंक को तत्काल सूचना देने के साथ ट्रांजेक्शन आईडी, बैंक स्टेटमेंट, ठगी से संबंधित मैसेज और अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखने चाहिए. साइबर शिकायत का NCRP पावती नंबर भी संभालकर रखना जरूरी है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही