Search

 
 
 

Bihar : सड़क हादसे में मासूम की मौत के बाद भड़का गुस्सा, भीड़ ने पुलिस की गाड़ियां फूंकी; कई जवान घायल

Bihar News : सड़क जाम और चालक को बंधक बनाने की सूचना मिलते ही बसमतिया थाना पुलिस और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से चालक को मुक्त कराने का प्रयास किया. इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई.
 
पुलिस की गाड़ी में लगाई आग

Bihar News : बिहार के अररिया में शुक्रवार को सड़क हादसे में छह साल के बच्चे की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से हमला कर दिया. और डायल 112 जीप समेत तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया. घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है.

 

इसे भी पढ़ें...


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम बसमतिया थाना क्षेत्र का छह वर्षीय बच्चा कुछ अन्य बच्चों के साथ इंडो-नेपाल सीमा सड़क के किनारे खेल रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.

 

हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. चालक की पहचान सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के कोशकापुर निवासी रामकुमार मेहता के रूप में हुई है.


मासूम की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीण जुट गए. आक्रोशित लोगों ने इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड जाम कर दिया और कार चालक को अपने कब्जे में लेकर बंधक बना लिया.

 

सड़क जाम और चालक को बंधक बनाने की सूचना मिलते ही बसमतिया थाना पुलिस और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से चालक को मुक्त कराने का प्रयास किया. इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई.

 

उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस दौरान पुलिस की डायल 112 गाड़ी समेत तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया. इनमें घूरना थाना की डायल 112 गाड़ी और फुलकाहा थाना की दो बाइक शामिल हैं.

 

हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. घूरना थाना के डायल 112 वाहन चालक अजीत कुमार को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल जिले के वीरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया. अन्य घायल पुलिसकर्मियों का भी उपचार कराया गया है.

 

घटना की सूचना मिलते ही अररिया एसपी जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. फारबिसगंज डीएसपी, अररिया एसडीपीओ और विभिन्न थानों की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.

 

एसपी जितेंद्र कुमार के अनुसार, ग्रामीणों के कब्जे से कार चालक को छुड़ाने के दौरान दो-तीन पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा. पुलिस ने चालक को अपने कब्जे में ले लिया है.

 

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं, पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया है.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही