Palamu News : प्रभात हत्याकांड मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को लेकर पलामू एसपी कपिल चौधरी ने एहतियाती कदम उठाते हुए चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया है. इनमें राकेश सिंह 1925, आरक्षी संख्या 692 सूर्यनाथ सिंह, सहायक पुलिस शैलेश शुक्ला और रोहित कुमार शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें...
बताया जा रहा है कि प्रभात के परिजनों की ओर से इन पुलिसकर्मियों को लेकर संदेह व्यक्त किया गया था. मामले की जांच में किसी तरह का प्रभाव न पड़े और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो सके, इसे देखते हुए एसपी कपिल चौधरी ने चारों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया है. पुलिस की ओर से इसे जांच प्रक्रिया का हिस्सा और एहतियाती कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर से एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया गया है. एडीजी मनोज कौशिक के निर्देश पर गठित एसआईटी का नेतृत्व हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला को सौंपा गया है. एसआईटी पूरे मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच और अनुसंधान कर रही है.
चारों पुलिसकर्मियों का डीआर (डिपार्टमेंटल रिपोर्ट) तैयार किया जा रहा है. उनके लोकेशन और संबंधित गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. साथ ही सभी से पूछताछ की जा रही है. जांच और पूछताछ के बाद पूरे मामले की विस्तृत फाइनल रिपोर्ट तैयार कर पुलिस मुख्यालय को सौंपी जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

