Ranchi News : भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर शनिवार को 'यात्री सेवा अभियान 2026' का समापन हुआ. यह अभियान 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक संचालित किया गया.
इसे भी पढ़ें...
इसके साथ ही 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान भी चलाया गया. समापन के अवसर पर हवाई अड्डे के अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों (फ्रंटलाइन स्टाफ) को यात्री सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
यात्री सुविधाओं और स्वच्छता पर रहा विशेष जोर
अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाना और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना था. इस दौरान सेवा की गुणवत्ता, बेहतर संचार और स्वच्छता के मानकों को मजबूत करने पर काम हुआ.
वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों की सहायता को प्राथमिकता दी गई. इसके अलावा सामान प्रबंधन, उड़ान संबंधी सूचना, डिजिटल सेवाओं और शिकायत निवारण पर विशेष ध्यान दिया गया.
कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक में कमी पर पहल
स्वच्छता अभियान के तहत व्यवस्थित हाउसकीपिंग और कचरे के पृथक्करण पर जोर दिया गया. एकल-उपयोग (सिंगल यूज) प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के प्रयास किए गए.
हवाई अड्डे के कर्मचारियों और हितधारकों की भागीदारी से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी तय की गई. साथ ही राज्य के प्रवेश द्वार के रूप में झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया.
सुधारों के लिए बनी सतत कार्ययोजना
अभियान के दौरान सामने आई जरूरतों के आधार पर एक व्यावहारिक सतत सुधार कार्ययोजना तैयार की गई है. इसमें नियमित समीक्षा और जिम्मेदारियों के निर्धारण की व्यवस्था की गई है, ताकि शुरू किए गए सुधार आगे भी प्रभावी बने रहें. इस पहल में विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ सीआईएसएफ (CISF), एयरलाइंस, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों और वाणिज्यिक हितधारकों का सक्रिय सहयोग रहा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

