Ranchi News : राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS), रांची में सत्र 2026-27 की Ph.D. प्रवेश परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है. पहले यह परीक्षा 1 सितंबर 2026 को होने वाली थी.
RIMS की ओर से 11 जुलाई 2026 को जारी प्रॉस्पेक्टस में परीक्षा की संभावित तारीख 1 सितंबर तय की गई थी. लेकिन रांची विश्वविद्यालय ने 19 अगस्त 2026 को Ph.D. के नए नियमों को लेकर पत्र जारी किया. इसके बाद RIMS ने परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया है.
नए नियमों के तहत सत्र 2026-27 से Ph.D. में दाखिले की प्रक्रिया में बदलाव होगा. इसी वजह से पहले जारी प्रॉस्पेक्टस के आधार पर होने वाली परीक्षा को फिलहाल रोक दिया गया है.
नई तारीख जल्द होगी जारी
RIMS की ओर से बताया गया है कि Ph.D. प्रवेश परीक्षा की नई तारीख जल्द जारी की जाएगी. इसकी जानकारी RIMS की आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी नई जानकारी के लिए वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें.
उम्मीदवारों की सूची में भी हो सकता है बदलाव
नए Ph.D. नियम लागू होने का असर पहले जारी उम्मीदवारों की सूची पर भी पड़ सकता है. RIMS के डीन (रिसर्च) की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि पहले जारी Eligible, Not eligible और Exempted उम्मीदवारों की प्रोविजनल सूची में बदलाव हो सकता है.
यानी जिन उम्मीदवारों को पहले परीक्षा के लिए योग्य या अयोग्य माना गया था, उनकी स्थिति नए नियमों के आधार पर दोबारा तय की जा सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

