Search

 
 
 

Exclusive : ट्रेन से लापता युवक का शव मिलने पर GRP-जिला पुलिस में उलझा था मामला, अब 6 नए रेल थाने होंगे नोटिफाई

Ranchi News : वहीं, जीआरपी का तर्क था कि मामला रेल यात्रा से जुड़ा है और इसकी जांच रेल पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आती है. दोनों पुलिस एजेंसियों के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के कारण शव के पोस्टमार्टम में भी देरी हुई थी.
 
सिंबोलिक फोटो

Ranchi News : झारखंड में रेलवे नेटवर्क के विस्तार के साथ राजकीय रेल पुलिस (GRP) के अधिकार क्षेत्र को स्पष्ट करने की कवायद शुरू हो गई है. राज्य में करीब छह नए राजकीय रेल थाने और नए रेल रूट को नोटिफाई करने की तैयारी है. 

 

इसे भी पढ़ें...

 

इसके लिए रेलवे बोर्ड और संबंधित डीआरएम को पत्र लिखा गया है. झारखंड रेल मुख्यालय में इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें धनबाद रेल एसपी, जमशेदपुर रेल एसपी समेत कई डीएसपी और अन्य अधिकारी शामिल हुए.

 

दरअसल, कुछ दिन पहले रांची में ट्रेन से लापता हुए एक युवक का शव जोन्हा क्षेत्र में बरामद हुआ था. शव मिलने के बाद रांची जिला पुलिस और जीआरपी के बीच जांच के अधिकार क्षेत्र को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी. जिला पुलिस का कहना था कि शव उसके थाना क्षेत्र में मिला है, इसलिए मामले की जांच वह करेगी.

 

वहीं, जीआरपी का तर्क था कि मामला रेल यात्रा से जुड़ा है और इसकी जांच रेल पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आती है. दोनों पुलिस एजेंसियों के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के कारण शव के पोस्टमार्टम में भी देरी हुई थी.

 

इस घटना के बाद रेल पुलिस ने अधिकार क्षेत्र से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया. रेल मुख्यालय में हुई बैठक में राज्य में नए बने राजकीय रेल थानों और नए रेल मार्गों को जल्द से जल्द नोटिफाई कराने का निर्णय लिया गया. अधिकारियों को रेलवे बोर्ड और संबंधित डीआरएम को पत्र लिखकर नए थानों और रेल रूट की जानकारी देने तथा उन्हें आधिकारिक अधिसूचना के दायरे में लाने का निर्देश दिया गया.

 

दरअसल, अमृत भारत स्टेशन योजना समेत रेलवे के विकास कार्यों के तहत झारखंड में कई नए रेलवे स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं. बोकारो और देवघर में नए राजकीय रेल थाने बनकर तैयार हुए हैं. इसके अलावा कोडरमा-हजारीबाग और दुमका-गोड्डा जैसे नए रेल मार्गों पर भी रेल परिचालन का विस्तार हुआ है.

 

ऐसे में इन नए स्टेशनों और रेल मार्गों को जीआरपी के अधिकार क्षेत्र में शामिल करने के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूरी है. इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि किसी घटना की स्थिति में किस रेल थाना या पुलिस इकाई को कार्रवाई करनी है.

 

वर्तमान में झारखंड में 23 राजकीय रेल थाना, 5 रेल ओपी और 10 रेल पुलिस पोस्ट हैं. करीब छह नए रेल थानों और नए रेल रूट को नोटिफाई किए जाने से जीआरपी का अधिकार क्षेत्र स्पष्ट होगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही