Ranchi News : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में अकादमिक सत्र को नियमित करने की दिशा में विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
इसे भी पढ़ें...
कुलपति डॉ राजीव मनोहर की अध्यक्षता में गांधी सभागार में विश्वविद्यालय के सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्षों और समन्वयकों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में कुलपति ने कहा कि वर्ष 2026 और 2027 की शुरुआत तक विश्वविद्यालय के अकादमिक सत्र को नियमित करने का लक्ष्य है.
बैठक की शुरुआत में कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए पूरे विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि अब विश्वविद्यालय का अगला लक्ष्य अकादमिक सत्र को नियमित करना है. इसी क्रम में आगामी अक्टूबर माह के अंत तक स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं हर हाल में आयोजित करने की तैयारी है.
कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों के अकादमिक हितों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय में पीएचडी नामांकन प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी. इसके लिए शीघ्र ही अकादमिक काउंसिल की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके बाद विभागीय स्तर पर नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. अक्टूबर माह के अंत तक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. इससे संबंधित अधिसूचना जल्द विश्वविद्यालय की ओर से जारी की जाएगी.
विभिन्न विभागाध्यक्षों के साथ विमर्श के दौरान कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय वर्ष 2027 के नए अकादमिक सत्र से कई नए अकादमिक, व्यवसायिक और रोजगारमूलक पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है.
इस संबंध में सभी विभागों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं. नवंबर से दिसंबर के बीच विभागों से विद्यार्थियों के हित में नए पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव प्राप्त किए जाएंगे. इसके बाद अकादमिक काउंसिल की बैठक में प्रस्तावों पर विचार कर उन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा.
बैठक में वर्ष के अंत तक विश्वविद्यालय में बड़े सांस्कृतिक आयोजन और स्पोर्ट्स के मेगा महोत्सव के आयोजन की तैयारी करने पर भी सहमति बनी. बैठक में सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष और समन्वयक उपस्थित रहे. यह जानकारी विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

