Chatra News : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शंभू लाल शॉ की उपस्थिति में उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने चतरा मंडल कारा का निरीक्षण किया. इस दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं और कारा प्रशासन की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया.
इसे भी पढ़ें...
निरीक्षण के दौरान कारा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश एवं निकास नियंत्रण, प्रहरी की तैनाती, साफ-सफाई, बंदियों के आवासन, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने कारा में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित पेट्रोलिंग, आगंतुकों की समुचित जांच और आवश्यक रजिस्टरों के नियमित संधारण पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने बंदियों के वार्डों में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, वेंटिलेशन, स्वच्छ पेयजल और गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था का भी जायजा लिया.
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान बंदियों की नियमित चिकित्सकीय जांच, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली गई. निरीक्षण के दौरान कारा की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं. किसी प्रकार की अनियमितता अथवा आपत्तिजनक स्थिति सामने नहीं आई.
कारा प्रशासन को वर्तमान व्यवस्थाओं को बनाए रखने के साथ सुरक्षा और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने कारा का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और मानवीय दृष्टिकोण के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र कुमार सिन्हा, कारा अधीक्षक मेनसन बरवा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन सहित कारा के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

