Ranchi News : CDPO भर्ती मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने CID की जांच पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जांच को जानबूझकर सीमित रखा जा रहा है और मामले से जुड़े कई अहम लोगों से अब तक पूछताछ नहीं हुई है.
बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाया कि क्या अजिता भट्टाचार्य इतनी प्रभावशाली थीं कि बिना किसी राजनीतिक संरक्षण के CDPO पद की सामान्य वर्ग की सीटें बेच सकती थीं. उन्होंने यह भी पूछा कि उनके PA के जरिए कथित तौर पर वसूले गए पैसे आखिर कहां लगाए गए और इस पैसे को निवेश करने में किन लोगों की भूमिका थी.
मरांडी ने कहा कि मामले में कई नाम और कड़ियां सामने आने के बावजूद अब तक अजिता भट्टाचार्य की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के करीबी मित्र विनोद सिंह और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से भी पूछताछ नहीं की गई है. इसके अलावा संदिग्ध झामुमो नेताओं से पूछताछ नहीं होने पर भी उन्होंने सवाल उठाया.
उन्होंने कहा कि जब तक जांच इन सभी कड़ियों तक नहीं पहुंचेगी, तब तक पूरे मामले की सच्चाई सामने नहीं आएगी. मरांडी ने CID के ADG मनोज कौशिक की भूमिका पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि कौशिक खुद इंटरव्यू पैनल में शामिल रहे हैं, इसलिए CID से इस मामले में निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले की CBI जांच की मांग को लेकर लड़ाई जारी रखेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी झारखंड के युवाओं को उनका हक और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

