Palamu News : जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला खनन विभाग ने रविवार की रात छापेमारी अभियान चलाया. उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में कोयला, बालू, डस्ट और बोल्डर लदे चार वाहनों को जब्त किया गया. जब्त वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें...
प्राप्त सूचना के आधार पर मगध कोलियरी से अवैध रूप से कोयला लोड कर ले जा रहे ट्रक (UP63T7697) को जब्त किया गया. इस मामले में नवाबाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं, अवैध बालू खनन और परिवहन के आरोप में एक बालू लदे ट्रैक्टर को भी जब्त कर नवाबाजार थाना को सौंपा गया.
इधर, छतरपुर प्रखंड क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान डस्ट लदे एक ट्रेलर और बोल्डर लदे एक हाइवा को जब्त किया गया. दोनों वाहनों को छतरपुर थाना के सुपुर्द किया गया है. विभाग की ओर से सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और अनधिकृत भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा की सुरक्षा और सरकारी राजस्व की रक्षा के लिए छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

