- बनारस के आचार्य कराएंगे गंगा आरती
- दोनों घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं की विशेष तैयारी
Ranchi News : छठ महापर्व को लेकर राजधानी के जेल तालाब और करमटोली, समेत 73 तालाबों व जलाशयों में तैयारियां तेज हो गई हैं. जेल मोड़ स्थित जेल तालाब में इस बार 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. वहीं, करमटोली में छठ पूजा के साथ सोहराय जतरा का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा.
इसे भी पढ़ें...
जेल तालाब छठ महापर्व पूजा समिति की ओर से व्रतियों की सुविधा के लिए 12 चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे. साथ ही दो मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी. आयोजन में समिति के करीब 200 सदस्य जिम्मेदारी संभालेंगे.
घाट को फूल-मालाओं और आकर्षक लाइटिंग से सजाया जाएगा. जेल चौक से टेकर स्टैंड तक विशेष सजावट होगी. श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए छोटे और बड़े दो मुख्य द्वार बनाए जाएंगे. पूजा के लिए 1001 नारियल और सूप की व्यवस्था भी की गई है.
बनारस से आएंगे आचार्य, होगी गंगा आरती
जेल तालाब में छठ के अवसर पर विशेष गंगा आरती का आयोजन होगा. इसके लिए बनारस से आचार्य बुलाए जाएंगे. 24 सदस्यीय टीम आरती में शामिल होगी. कोकर, मोरहाबादी, रातू रोड, कर्बला, चर्च रोड और बरियातू से श्रद्धालु पहुंचेंगे.
समिति सफाईकर्मियों को चुनरी और प्रसाद देकर सम्मानित भी करेगी. समिति के अध्यक्ष रोशन वर्मा, सचिव सुजीत कुमार, महासचिव नीरज वर्मा और कोषाध्यक्ष राहुल वर्मा समेत अन्य सदस्य तैयारी में जुटे हैं.
करमटोली में 35 वालंटियर और पांच तैराक रहेंगे तैनात
यंग हीरानागपुर करमटोली छठ पूजा एवं सोहराय जतरा समिति की ओर से तीन घाटों पर व्यवस्था की जाती है. यहां करीब 500 श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. तीन मुख्य द्वार बनाए जाएंगे. श्रद्धालुओं के लिए नारियल, दूध और फल की व्यवस्था रहेगी. करीब 51 किलो दूध का वितरण किया जाएगा. व्यवस्था संभालने के लिए 35 वालंटियर और पांच तैराक तैनात रहेंगे.
दूसरे दिन होगा सोहराय जतरा
छठ के दूसरे दिन सोहराय जतरा का आयोजन होगा. इसमें नागपुरी कलाकार पवन पंकज प्रस्तुति देंगे. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोशनी खलखो शामिल होंगी. छठ पूजा समिति के अध्यक्ष रमण वर्मा और सोहराय जतरा समिति के अध्यक्ष कृष्णा मुंडा हैं. वार्ड-19 में होने वाले इस आयोजन को लेकर समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

