Ranchi News : बुढ़मू थाना क्षेत्र के झीलया नदी के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. एक अनियंत्रित एलपी ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के दूंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो और प्रकाश महतो के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें...
पतरातू जाने के दौरान हुआ हादसा
दोनों युवक अपनी बाइक (JH01FN 7870) पर सवार होकर गांव टंडवा से खरकु टोला, पतरातू जा रहे थे. इसी दौरान झीलया नदी के पास विपरीत दिशा से आ रहे एलपी ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक ट्रक की चपेट में आ गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
दो युवकों की मौत से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर जुट गए. आक्रोशित लोगों ने राय रोड को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना मिलते ही बुढ़मू थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है.
भारी कोयला वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग
सड़क पर उतरे ग्रामीणों का आरोप है कि इस संकरी सड़क पर भारी वाहनों के चलने के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है. ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इलाके में अवैध रूप से कोयला और बालू की गाड़ी चल रही है.
प्रतिदिन कोयला लदे सैकड़ों भारी वाहन तेज रफ्तार से इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है.

