- छठ घाटों पर NDRF एवं SDRF की टीम रहेगी तैनात
Ranchi News : चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर से शुरू हो रहा है. इससे पहले रांची उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
इसे भी पढ़ें...
छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय समय से सुनिश्चित किए जाएं. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) एवं पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया.
घाटों पर तीन फीट की गहराई पर घेराबंदी करने का निर्देश
घाटों पर जलस्तर एवं पानी की गहराई को देखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से पानी में तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग/घेराबंदी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे न जा सकें. घाटों पर खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाने का निर्देश दिया गया.
संवेदनशील तालाब छठ घाटों पर NDRF एवं SDRF की टीम की तैनाती की जाएगी. सभी समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने के निर्देश दिए गए ताकि आपात स्थिति में ससमय सहायता मिल सके. घाटों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड को डस्ट भरकर समतल एवं सुगम बनाने का निर्देश दिया, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो. छठ घाटों तक पर्याप्त रोशनी, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया.
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर कुमार रजत, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश सिंह, पथ निर्माण, विद्युत एवं नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी, समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य जयसिंह यादव एवं सागर कुमार, संबंधित वार्डो के वार्ड पार्षद, छठ तालाब समितियों के अध्यक्ष, सचिव सहित समेत अन्य शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

