Ranchi News : शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रांची नगर निगम को CSR फंड से 10 नए ट्रैक्टर-सह-ट्रॉली मिले हैं. यूनियन बैंक की ओर से CSR (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत उपलब्ध कराए गए फंड से इन वाहनों की खरीद की गई है.
इसे भी पढ़ें...
शुक्रवार को निगम कार्यालय परिसर में मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने ट्रैक्टर-सह-ट्रॉलियों को हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता कार्यों के लिए रवाना किया.
निगम ने बताया कि नए वाहनों के जरिए शहर में कचरा उठाव और उसके परिवहन की व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा. आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए इन वाहनों के संचालन से सफाई कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद है.
इस मौके पर मेयर ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर रांची बनाने में नगर निगम के साथ विभिन्न संस्थाओं और नागरिकों की भागीदारी जरूरी है. यूनियन बैंक की ओर से CSR के माध्यम से दिया गया सहयोग शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने में उपयोगी होगा. उन्होंने कहा कि नए ट्रैक्टरों के माध्यम से कचरा उठाव और परिवहन कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सकेगा.
निगम ने यूनियन बैंक के सहयोग के लिए आभार जताया. कार्यक्रम में नगर आयुक्त सुशांत गौरव, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक समेत यूनियन बैंक के डिप्टी जनरल मैनेजर कुंदन कुमार सिन्हा, असिस्टेंट जनरल मैनेजर संदीप रंजन और रांची मेन ब्रांच के चीफ मैनेजर दिनेश कुमार प्रसाद सहित निगम एवं बैंक के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

