Ranchi News : तमाड़ थाना क्षेत्र के रंगामाटी में दिवाली के दिन युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें...
मृतक की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के गोमियाकोचा गांव निवासी कांग्रेस महतो के रूप में हुई थी. घटना के बाद मृतक की पत्नी पूजा कुमारी ने आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
जानकारी के अनुसार, दिवाली के दिन ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि रंगामाटी स्थित शराब दुकान के पास कुछ युवकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई है. इस दौरान एक युवक को चाकू मार दिया गया. सूचना मिलते ही तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को अस्पताल ले जाने लगी, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक अपने तीन साथियों के साथ सड़क पर बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान सभी आरोपी एक कार से वहां से गुजर रहे थे. आरोप है कि हॉर्न बजाने के बावजूद सड़क पर बैठे युवक रास्ते से नहीं हटे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. इसी दौरान कांग्रेस महतो को चाकू मार दिया गया.
आरोपियों की पहचान बिट्टु गुप्ता, टिंकु दास, गरुपदो मुंडा, निखिल भुमिज, राहुल मछुआ, मानिक मछुआ के रूप में हुई है. कांड में शामिल दो अभियुक्त अभी फरार है जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
पुलिस बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. हालांकि, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू अभी तक बरामद नहीं हुआ है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है. पुलिस ने गिरफ्तार सभी 4 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

