Ranchi News : बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा में 10 अक्टूबर को 36वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा. समारोह में परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष एवं भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. अजीत कुमार मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी.
इसे भी पढ़ें...
दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर संस्थान में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. इसमें परीक्षा नियंत्रक डॉ. रितेश कुमार सिंह, दीक्षांत समारोह समिति के अध्यक्ष प्रो. टी. घोष, डॉ. मृणाल कुमार पाठक और डॉ. कृति अविषेक मौजूद रहे. उन्होंने समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा की. साथ ही संस्थान में शिक्षा और शोध के क्षेत्र में हुई प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी भी दी.
समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अजीत कुमार मोहंती विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे. वे विद्यार्थियों को नई सोच और तकनीकी ज्ञान के साथ आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे. उनका संबोधन विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए अवसरों की तलाश और विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका पर केंद्रित रहेगा.
मेसरा कैंपस में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी. इस अवसर पर बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे. रिपोर्ट में पिछले एक वर्ष के दौरान संस्थान की शोध गतिविधियों, नई तकनीकों, उद्योगों के साथ सहयोग और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ साझेदारी सहित विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया जाएगा.
बीआईटी मेसरा का 36वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर होगा. यह समारोह उनकी शैक्षणिक यात्रा और मेहनत की उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ उनके पेशेवर जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक भी बनेगा. संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना और देश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

