- DC ने धुर्वा डैम में आवागमन की समस्या दूर करने को कहा
- जतरा मेला मार्ग से हटेगा अतिक्रमण
Ranchi News : छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है. शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों की टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया. इस मौके पर अधिकारियों को पर्व से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें...
उपायुक्त ने कांके डैम, हटनिया तालाब (मछली घर), चडरी तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और बटन तालाब (डोरंडा) का निरीक्षण किया. उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को घाटों की पूरी सफाई कराने, सीढ़ियों पर जमी काई हटाने और जल की स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया. छठ के दौरान सफाईकर्मियों की लगातार तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो.
धुर्वा डैम में चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश
धुर्वा डैम पर जाली के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन में होने वाली संभावित परेशानी को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी सुधार करने को कहा. घाट पर पर्याप्त रोशनी, सघन सफाई और अर्घ्य के बाद महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया. एनडीआरएफ टीम को सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया.
जतरा मेला के रास्ते से हटेगा अतिक्रमण
उपायुक्त बारह पड़हा जतरा पूजा समिति, मिसिर गोंदा, कांके रोड भी पहुंचे. यहां जतरा मेला की तैयारियों पर चर्चा की गई. जतरा स्थल तक पहुंचने सड़क पर अतिक्रमण की शिकायत पर उन्होंने नगर निगम को कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने समितियों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वय से छठव्रतियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जाएगा.
निरीक्षण के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, एसडीओ कुमार रजत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और छठ पूजा समितियों के सदस्य मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

