Search

 
 
 

Ranchi News : जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन दिखा खिलाड़ियों का जोश

Ranchi News : कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांके की स्कूली बैंड की प्रस्तुति के बीच विभिन्न जिलों की टीमों ने मार्च पास्ट किया. सब जूनियर एशियन हॉकी खिलाड़ी नीलम टोपनो ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई.
 
हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ

Ranchi News : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 का शनिवार को शुभारंभ हुआ. मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी और सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू में शुभारंभ हुआ. तीन दिवसीय प्रतियोगिता 21 सितंबर तक चलेगी.

 

इसे भी पढ़ें...

 

उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की निदेशक किरण कुमारी पासी रहीं. विशिष्ट अतिथियों में झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र नाथ दूबे, हॉकी झारखंड के सीईओ रजनीश कुमार और एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट माइकल लाल शामिल रहे. समारोह में पूर्व खेल मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया.

Uploaded Image

खिलाड़ियों ने दिखाया जोश

 

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने अतिथियों का स्वागत किया. इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया.

 

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांके की स्कूली बैंड की प्रस्तुति के बीच विभिन्न जिलों की टीमों ने मार्च पास्ट किया. सब जूनियर एशियन हॉकी खिलाड़ी नीलम टोपनो ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई.

Uploaded Image

खिलाड़ियों से मिलती मुख्य अतिथि

 

मुख्य अतिथि किरण कुमारी पासी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मैदान पर केवल हॉकी नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के सपने, संकल्प और भविष्य भी उतर रहे हैं. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में से ही कोई भविष्य में झारखंड और भारत का नाम रोशन कर सकता है. उन्होंने खिलाड़ियों से जीत के साथ-साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और अनुशासन व खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया.

 

उन्होंने बालिका खिलाड़ियों का विशेष उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को छोटा न समझें और आत्मविश्वास व मेहनत के साथ आगे बढ़ें. उन्होंने कहा कि मैदान आपका है, अवसर आपका है, सपना आपका है और भविष्य भी आपका है.

 

धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि झारखंड की हॉकी की गौरवशाली परंपरा रही है. विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, निखारने और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं.

 

पहले दिन खेले गए मुकाबले

अंडर-15 बालक वर्ग के मुकाबले मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम में हुए. इसमें लोहरदगा ने पश्चिमी सिंहभूम को 3-2, रामगढ़ ने धनबाद को 1-0, चतरा ने पूर्वी सिंहभूम को 3-0 और सरायकेला ने लातेहार को 1-0 से हराया.

 

अंडर-17 बालिका वर्ग में पश्चिमी सिंहभूम ने धनबाद को 10-0, खूंटी ने लातेहार को 13-0, लोहरदगा ने चतरा को 3-0 और हजारीबाग ने गुमला को 4-0 से पराजित किया.

 

अंडर-17 बालक वर्ग के मुकाबले सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू में खेले गए. जिसमें धनबाद ने रामगढ़ को 1-0, लातेहार ने हजारीबाग को 1-0, पश्चिमी सिंहभूम ने जामताड़ा को 1-0, रांची ने लोहरदगा को 2-0, गुमला ने पूर्वी सिंहभूम को 7-0 और सरायकेला ने चतरा को 1-0 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया.

 

प्रतियोगिता के आयोजन को सफल बनाने में राज्य खेल कोषांग के सदस्यों और आयोजन समिति में प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का योगदान रहा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही