- 10 हजार की आबादी, फिर भी लोगों की बढ़ी परेशानी
- 18 छोटी-बड़ी सड़कों को जोड़ता है यह सड़क
- खुली नालियों और सफाई व्यवस्था से भी लोग परेशान
Ranchi News : राजधानी के मधुकम इलाके की मुख्य सड़क पिछले कई साल से जर्जर हालत में है. रातू रोड से साई कॉलोनी तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं. करीब 10 हजार की आबादी इस सड़क से आवागमन करती है.
यह मार्ग लगभग 18 छोटी-बड़ी सड़कों को जोड़ता है. इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी है. स्थानीय निवासी प्रदीप वर्मा ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ.
इसे भी पढ़ें...
मधुकम की यह सड़क विद्यानगर, हेहल, खादगढ़ा बाजार, मुक्तिधाम, कुम्हार टोली, मुड़ला पहाड़ टोली, बाजरा, बरियातू और शांतिनगर जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ती है. चुनाव के दौरान सभी विधायक और सांसद इस मोहल्ले में पहुंचते हैं. भाजपा नेता का भी इसी रास्ते से लगातार आना-जाना होता है,लेकिन सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ.
दशहरा में डाली गई गिट्टी, 15 दिन में फिर उखड़ गई सड़क
स्थानीय लोगों ने बताया कि दशहरा के समय सड़क पर पत्थर का डस्ट और गिट्टी डाली गई थी. लेकिन महज 15 दिनों में सड़क फिर पहले जैसी जर्जर हो गई. बारिश के दौरान सड़क का पानी लोगों के घरों में घुस जाता है. सड़क पर जमे पानी और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. विरोध में इस रास्ते पर धान की रोपनी तक की जा चुकी है.
छठ पूजा नजदीक है. मधुकम के लोग इसी रास्ते से तालाब तक पूजा-अर्चना करने जाएंगे. ऐसे में सड़क की खराब स्थिति को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों ने छठ से पहले सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है.
खुली नालियां बनी परेशानी, घर मालिक खुद उठा रहे कचरा
सड़क के साथ-साथ इलाके की सफाई व्यवस्था भी बदहाल है. कई जगह नालियां खुली हुई हैं. नालियों पर ढक्कन या स्लैब नहीं लगाए गए हैं. सफाईकर्मी नाली से कचरा निकालकर बाहर छोड़ देते हैं, जिससे गंदगी और बदबू फैलती है.
कचरा उठाने वाली गाड़ी भी नियमित रूप से इलाके में नहीं पहुंचती. कई बार चालक के साथ सफाईकर्मी भी नहीं आते. ऐसी स्थिति में घर मालिकों को खुद ही कचरा उठाकर बाहर करना पड़ता है.
वार्ड-28 पार्षद रेशमी चौधरी ने कहा कि नगर निगम फंड नहीं दे रहा है. इसलिए रोड का निर्माण नहीं सका है. पिछले दो महीने से बोर्ड मीटिंग नहीं हो रही है. मीटिंग में भी कोई निष्कर्ष नहीं निकलता है. वार्ड-28 के सभी सड़क जर्जर हो गए है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

