Ranchi News : दीपा टोली, पुंदाग स्थित न्यू व्यू बैंक्वेट को बिना नगर निगम की अनुज्ञप्ति के संचालन करना महंगा पड़ सकता है. नगर निगम की टीम ने जांच के दौरान बिना वैध लाइसेंस के बैंक्वेट हॉल संचालित होने पर प्रतिष्ठान परिसर में नोटिस चस्पा किया है.
इसे भी पढ़ें...
निगम ने संचालक को 3 दिनों के भीतर आवश्यक अनुज्ञप्ति के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया है. नगर निगम के अनुसार, प्रतिष्ठान में बैंक्वेट हॉल/विवाह भवन का संचालन किया जा रहा था, लेकिन इसके लिए निगम से जरूरी अनुज्ञप्ति नहीं ली गई थी.
संचालक ने अब तक लाइसेंस लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन भी नहीं किया है. निगम ने नोटिस के जरिए निर्देश दिया है कि संचालक rmchams.com के ऑनलाइन पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें. इसके साथ ही, अनुज्ञप्ति मिलने तक बैंक्वेट हॉल का संचालन बंद रखने को कहा गया है.
निगम ने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का पालन नहीं किया गया या बिना लाइसेंस संचालन जारी रहा तो प्रतिष्ठान को अनाधिकृत घोषित कर सील करने की कार्रवाई की जाएगी. निगम ने शहर के सभी बैंक्वेट हॉल, विवाह भवन, लॉज और हॉस्टल संचालकों से वैध अनुज्ञप्ति लेने और निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

