Ranchi News : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर दाखिले का अवसर मिलेगा. इसके लिए 27 अक्टूबर को दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग आयोजित की जाएगी. अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के अभ्यर्थियों के लिए विशेष राउंड होगा. वहीं, अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थी मॉप-अप राउंड में शामिल हो सकेंगे. निर्धारित समय में पंजीकरण नहीं करा पाने वाले पात्र विद्यार्थियों को स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें...
विश्वविद्यालय की ओर से 15 अक्टूबर 2026 तक जारी आंकड़ों के अनुसार, बीए हिंदी में सबसे अधिक 15 सीटें रिक्त हैं. बीए मास कम्युनिकेशन में 12 और बीएससी भूगोल में नौ सीटें खाली हैं. बीए एंथ्रोपोलॉजी में पांच सीटें उपलब्ध हैं. बीएससी पर्यावरण विज्ञान, भौतिकी, गणित और रसायन विज्ञान में तीन-तीन सीटें रिक्त हैं. बीए अर्थशास्त्र और बीए कोरियन में भी तीन-तीन सीटें खाली हैं. इसके अलावा बीए अंग्रेजी, बीए चाइनीज और बीकॉम में दो-दो सीटें उपलब्ध हैं. बीटेक सिविल इंजीनियरिंग में ईडब्ल्यूएस श्रेणी की एक सीट रिक्त है.
श्रेणीवार उपलब्ध सीटों के अनुसार, बीए हिंदी में एससी की चार, एसटी की एक, ओबीसी की पांच, ईडब्ल्यूएस की तीन और अनारक्षित श्रेणी की दो सीटें खाली हैं. बीए मास कम्युनिकेशन में एससी की छह, एसटी की एक, ईडब्ल्यूएस की तीन और अनारक्षित श्रेणी की दो सीटें उपलब्ध हैं. बीएससी भूगोल में एससी की दो, ओबीसी की तीन, ईडब्ल्यूएस की तीन और अनारक्षित श्रेणी की एक सीट रिक्त है.
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से 27 अक्टूबर को सभी आवश्यक शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकपत्र, पहचान-पत्र और उनकी छायाप्रतियों के साथ उपस्थित होने की अपील की है. आरक्षण का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों को वैध श्रेणी प्रमाणपत्र भी लाना होगा. स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने वाले अभ्यर्थियों को भी उसी दिन निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
विश्वविद्यालय के अनुसार, केवल स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने से प्रवेश सुनिश्चित नहीं होगा. दाखिला संबंधित पाठ्यक्रम में उपलब्ध रिक्त सीटों, निर्धारित पात्रता और विश्वविद्यालय के नियमों के आधार पर दिया जाएगा. अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cuj.ac.in देख सकते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

