Ranchi News : पशुपालन भवन हेसाग में गुरुवार को खेत बचाओ अभियान सह राज्य स्तरीय रबी कर्मशाला-2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबु बकर सिद्दीकी पी सहित विभागीय अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और गणमान्य अतिथि शामिल हुए. कर्मशाला में किसानों तक सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ पहुंचाने के साथ कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया.
इसे भी पढ़ें...
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि सचिव अबु बकर सिद्दीकी पी ने जिला कृषि पदाधिकारियों से कहा कि किसानों की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करें. अधिकारी कार्यालयों तक सीमित नहीं रहें, बल्कि गांवों और खेतों तक पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करें. उनकी समस्याओं को समझें और समाधान के लिए सक्रिय पहल करें.
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है. अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि पात्र किसानों को योजनाओं की जानकारी मिले और वे सब्सिडी सहित अन्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें.
सचिव ने कहा कि इस वर्ष की कर्मशाला खेत बचाओ अभियान और रबी फसल की तैयारी पर केंद्रित है. खेतों की उर्वरता एवं मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने, परती भूमि का उपयोग बढ़ाने और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल की जरूरत है.
उन्होंने सभी जिलों में तालाब, नहर और अन्य सिंचाई संसाधनों के अद्यतन आंकड़े तैयार करने तथा उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. फसल सघनता, उत्पादकता और कृषि उत्पादों के बाजार संपर्क को मजबूत करने पर भी जोर दिया.
कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज ने परती भूमि में फसल आच्छादन बढ़ाने और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण को सतत कृषि विकास के लिए जरूरी बताया. बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति सीएस दुबे ने कहा कि भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखना किसानों की आय बढ़ाने की महत्वपूर्ण शर्त है.
कार्यक्रम में मृदा निदेशक विकास कुमार, निदेशक समिति रमाशंकर प्रसाद, गव्य निदेशक संजीव कुमार सहित विभिन्न कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय पदाधिकारियों ने भी कृषि विकास से जुड़े विषयों पर विचार रखे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

