Ranchi : राजधानी में रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए रांची पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. गिरोह के कई सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद अब जेल में बंद अपराधियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी.
एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों से जेल भेजे गए गैंग के अपराधियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करें. पुलिस इनसे गिरोह के सरगना, हथियारों की सप्लाई और आर्थिक मदद करने वालों के संबंध में जानकारी जुटाएगी.
पूछताछ में मिलने वाले सुराग के आधार पर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी. साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य जुटाकर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया है.

