- जय जवान डीवडीह की टीम बनी विजेता
Ranchi News : नगड़ी के बुकरु मैदान में बुधवार को बारह पड़हा सोहराय जतरा समिति द्वारा आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो शामिल हुए. उन्होंने फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें...
इस मौके पर सुदेश महतो ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और आपसी एकजुटता का प्रतीक है. खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और अनुशासन विकसित करता है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत है उन्हें बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देने की.
उन्होंने अपने खेल के प्रति लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस खेल के माहौल में वह बड़े हुए हैं, आज युवाओं में वैसा ही उत्साह देखकर खुशी होती है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में विभिन्न टूर्नामेंट और ट्रेनिंग कैंप के माध्यम से ऐसे आयोजनों का विस्तार किया जाएगा.
फाइनल मुकाबला स्टार वारियर और जय जवान डीवडीह की टीम के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में जय जवान डीवडीह की टीम ने जीत दर्ज की. सुदेश महतो ने विजेता टीम को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने आयोजन के लिए समिति के सदस्यों का आभार जताया.
मौके पर आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, रांची जिला कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी, जिला उपाध्यक्ष एतवा उरांव, जिला प्रवक्ता सूरज मिश्रा, कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन लाल सहदेव, प्रखंड उपाध्यक्ष मनोज महतो, प्रखंड महिला सचिव रूपा गाड़ी सहित पार्टी कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

