Search

 
 
 

Ranchi : लंबित न्यायिक मामलों के निपटारे को नगर निगम में गठित होंगी दो टीमें, नगर आयुक्त ने दिए निर्देश

Ranchi News : नगर आयुक्त की पहली टीम सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट से संबंधित मामलों को देखेगी. वहीं, दूसरी टीम सिविल कोर्ट से जुड़े मामलों के निष्पादन की जिम्मेदारी संभालेगी. दोनों टीमों के विधि सहायकों को प्रतिदिन ईमेल, डाक और अन्य माध्यमों से मिलने वाले पत्रों एवं न्यायिक सूचनाओं की प्राप्ति सुनिश्चित करनी होगी.
 
नगर आयुक्त

Ranchi News : नगर निगम में लंबित न्यायिक मामलों के निष्पादन के लिए विधि शाखा की दो अलग-अलग टीमें गठित की जाएंगी. नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. इसमें विधि शाखा के पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे.

 

इसे भी पढ़ें...

 

इस मौके पर नगर आयुक्त ने कहा कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी न हो. बैठक में नगर आयुक्त ने विधि शाखा से जुड़े लंबित न्यायिक मामलों, विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं और उनके निष्पादन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की. इसके बाद उन्होंने काम में तेजी लाने के लिए दो टीमों के गठन का निर्देश दिया.

 

सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के मामलों के लिए अलग टीम

नगर आयुक्त की पहली टीम सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट से संबंधित मामलों को देखेगी. वहीं, दूसरी टीम सिविल कोर्ट से जुड़े मामलों के निष्पादन की जिम्मेदारी संभालेगी. दोनों टीमों के विधि सहायकों को प्रतिदिन ईमेल, डाक और अन्य माध्यमों से मिलने वाले पत्रों एवं न्यायिक सूचनाओं की प्राप्ति सुनिश्चित करनी होगी.

 

नगर आयुक्त ने कहा कि सभी पत्रों का नियमित रिकॉर्ड रखा जाए और उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जाए. किसी भी न्यायिक सूचना या पत्र को लंबित नहीं रखा जाए. इसके लिए प्राप्त होने वाले प्रत्येक पत्र की रिसीविंग और उसके बाद की कार्रवाई का व्यवस्थित संधारण जरूरी है.

 

काउंटर एफिडेविट के मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश

नगर आयुक्त ने विशेष रूप से काउंटर एफिडेविट से संबंधित लंबित मामलों को बिना अनावश्यक देरी के निष्पादित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी लंबित न्यायिक मामलों की सूची तैयार कर प्राथमिकता तय की जाए.

 

संबंधित मामलों में समय पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि निगम का पक्ष न्यायालय में निर्धारित समय के भीतर प्रस्तुत किया जा सके. बैठक में सहायक नगर आयुक्त, विधि सहायक और विधि शाखा के अन्य कर्मचारी मौजूद थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही