Ranchi News : रांची विश्वविद्यालय के मुख्यालय स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक ओर खिलाड़ी ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे हैं, तो दूसरी ओर उनके अभ्यास स्थल की स्थिति बदहाल है. मैदान में उगी घास की कटाई नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें...
खिलाड़ियों के बैठने और मैच देखने के लिए बनी सीढ़ियां वर्षों से साफ-सफाई और मरम्मत की बाट जोह रही हैं. वहीं, परिसर में बने शेड की छत टूटकर धीरे-धीरे गिर रही है. बाउंड्री की फेंसिंग भी जर्जर हालत में है.
यह स्थिति तब है, जब विश्वविद्यालय के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर संस्थान का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. अभ्यास के दौरान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की बदहाली सामने आई. परिसर में बने कमरे और अन्य संरचनाओं की स्थिति भी देखरेख की जरूरत को दर्शाती है.
इस संबंध में रांची विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. अनिल बिरेंद्र कुल्लू ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की मरम्मत के लिए विश्वविद्यालय को अनुमानित लागत का प्रस्ताव भेजा गया है. हालांकि, अब तक कुलपति या उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है.
मरम्मत के प्रस्ताव को कब मंजूरी मिलेगी और इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया कब शुरू होगी, इसकी जानकारी फिलहाल स्पोर्ट्स डायरेक्टर के पास भी नहीं है. ऐसे में जर्जर भवन और टूटते शेड की मरम्मत कब तक होगी, यह स्पष्ट नहीं है.
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले रांची विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी की जर्जर इमारत का छज्जा गिरने से एक छात्र की मौत हो गई थी. इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर में पुरानी और कमजोर इमारतों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए थे. इसके बावजूद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की मौजूदा स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है.
फिलहाल, परिसर में खिलाड़ियों का अभ्यास जारी है और छात्र ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो रहे हैं. सवाल यह है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन कब तक ठोस कदम उठाएगा? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जर्जर ढांचे की मरम्मत की पहल होगी?
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

