- 13 विभागों में 194 अभ्यर्थी हुए शामिल, 13 बाह्य परीक्षकों की रही सहभागिता
Ranchi News : रांची विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के पीएचडी प्रवेश के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू हो गई है. 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली यह प्रक्रिया यूजीसी के नियमों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप पारदर्शी एवं नियमबद्ध तरीके से संचालित की जा रही है. कुलपति प्रो. सरोज शर्मा की पहल पर शोध प्रवेश प्रक्रिया में शैक्षणिक गुणवत्ता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें...
साक्षात्कार के पहले दिन 13 विभागों में चयन प्रक्रिया आयोजित की गई. इनमें मानवशास्त्र, वाणिज्य, अंग्रेजी, भूगोल, भूविज्ञान, हिंदी, गृह विज्ञान, खड़िया, खोरठा, कुड़माली, कुड़ुख, दर्शनशास्त्र और प्राणिशास्त्र विभाग शामिल रहे. प्रक्रिया की निष्पक्षता और शैक्षणिक शुचिता सुनिश्चित करने के लिए 13 बाह्य परीक्षकों ने सहभागिता की.
पहले दिन कुल 227 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होना था, जिनमें से 194 उपस्थित हुए. इस प्रकार कुल उपस्थिति 85.46 प्रतिशत रही. विभागवार आंकड़ों के अनुसार, दर्शनशास्त्र में सर्वाधिक 34, प्राणिशास्त्र में 32 तथा वाणिज्य, भूगोल और हिंदी विभागों में 30-30 अभ्यर्थी शामिल हुए. वहीं, भूविज्ञान, खड़िया, खोरठा और कुड़माली विभागों में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने शोध प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों के चयन और शोध की गुणवत्ता को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है. विश्वविद्यालय ने बताया यह पहल विश्वविद्यालय में शोध के स्तर को और बेहतर बनाने और प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

