Ranchi News : रांची विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब अपने नाम कर लिया. फाइनल मुकाबले में रांची विश्वविद्यालय की टीम ने भुवनेश्वर की प्रतिष्ठित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज यूनिवर्सिटी को 3-2 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
इसे भी पढ़ें...
इस रोमांचक मुकाबले में रांची विश्वविद्यालय की खिलाड़ी प्रिणी कंडिर जीत की नायिका रहीं. उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की ओर से तीनों गोल दागे और अपनी टीम को खिताबी जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई.
टीम की इस उपलब्धि पर रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन, कठिन परिश्रम और सामूहिक प्रयास का परिणाम है. जीत केवल खिताब हासिल करना नहीं, बल्कि अपनी क्षमता, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति साबित करना भी है.
उन्होंने कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. साथ ही खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया.
इस अवसर पर निदेशक छात्र कल्याण डॉ. स्मृति सिंह और निदेशक खेल डॉ. अनिल बिरेंद्र कुल्लू ने भी पूरी टीम, कोच और मैनेजर को बधाई दी. उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
रांची विश्वविद्यालय की इस जीत को झारखंड की बेटियों की खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. यह सफलता विश्वविद्यालय के खेल इतिहास में एक नया गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

