- कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सड़क की मरम्मत
Ranchi News : बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात का असर रांची में भी देखने को मिल रहा है. बारिश के कारण नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है. कहीं सड़कों पर पानी भर गया है, तो कहीं कच्ची और जर्जर सड़कों के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. शहर के वार्ड 2, 5 और 23 में स्थिति अधिक खराब है. स्थानीय लोगों ने बताया कि हल्की बारिश में ही सड़कों पर पानी जमा हो जाता है, लेकिन शिकायत के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है.
इसे भी पढ़ें...
वार्ड 23 : नाला रोड से कुर्बान चौक तक जलजमाव
वार्ड-23 के पार्षद प्रतिनिधि खालिद उमर ने बताया कि नाला रोड, लाह कोठी और कुर्बान चौक में हल्की बारिश होने पर भी जलजमाव की समस्या हो जाती है. इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम को जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है.
वार्ड-2 में कच्ची सड़क पर पैदल चलना मुश्किल
वार्ड-2 के एदलहातु, मिसिर गोंदा, डहुटोला और सरना टोली में भी बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति बन गई है. कई जगह कच्ची सड़क होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. स्थानीय निवासी आशीष मुंडा ने बताया कि एदलहातु में अलकतरा रोड को खोदकर पाईप बिछाया गया है. इसकी वजह से जगह-जगह पर सड़क पर गड्ढा बन गया है.
हल्की बारिश में पानी जमा हो जाता है. यह रोड मुख्य रूप से चिरौंदी, भिट्ठा, कांके और मोरहाबादी को जोड़ता है. इस मुहल्ले में करीब 10 हजार लोग रहते है. यह सड़क काफी जर्जर हो चुकी है. रात के अंधेरे में इस रोड से गुजरना मुश्किल हो जाता है. बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है.
वार्ड-5 में भी सड़कों की स्थिति काफी खराब है. बूटी मोड़ रोड से खिजुरटोला जाने वाला रोड बारिश के कारण बदहाल हो गई हैं. लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

